रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र स्थित टोकरो गांव में तालाब के पास एक चौकीदार का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक पिछले छह महीने से तालाब की निगरानी का काम कर रहा था। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
CG News: छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता, नक्सल डंप से राइफल समेत 47 जिंदा कारतूस बरामद
टोकरो गांव में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब तालाब के पास एक चौकीदार का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। घटना की सूचना मिलते ही अभनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान परमेश्वर सिदार (30 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से ओडिशा के बरगढ़ जिले के तोरला गांव का रहने वाला था और पिछले करीब छह महीने से टोकरो गांव के तालाब में चौकीदारी का कार्य कर रहा था।
मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने तालाब के पास उसका शव देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। प्रारंभिक तौर पर मौत की परिस्थितियां संदिग्ध होने के कारण हत्या की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी संभावना से इनकार या पुष्टि नहीं की है।
पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच में जुटी हुई है।