रायपुर। छत्तीसगढ़ के बेरोजगार और नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए रोजगार का अवसर सामने आया है। कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग द्वारा रायपुर में 7 और 8 अक्टूबर 2026 को दो दिवसीय राज्यस्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेला बूढ़ापारा स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित होगा।
विभाग के मुताबिक, अब तक 36 नियोजकों और प्लेसमेंट एजेंसियों ने करीब 8,720 रिक्त पदों की जानकारी दी है। इन पदों के लिए 10वीं, 12वीं, ITI, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग, बीएससी एग्रीकल्चर, स्नातक और स्नातकोत्तर सहित MBA और MCA जैसी योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। अन्य कंपनियों से भी संपर्क जारी है, इसलिए रिक्तियों की संख्या में आगे बढ़ोतरी संभव है।
कई क्षेत्रों में नौकरी के अवसर
रोजगार मेले में मैन्युफैक्चरिंग, इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल, ऑटोमोबाइल, बैंकिंग-फाइनेंस, सेल्स-मार्केटिंग, HR, कस्टमर सर्विस, हेल्थकेयर, सिक्योरिटी, लॉजिस्टिक्स और एग्री-बिजनेस सहित कई क्षेत्रों में नियुक्तियों के अवसर उपलब्ध होंगे।
अलग-अलग कंपनियों में मशीन ऑपरेटर, फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, मीटर टेक्नीशियन, मैकेनिकल इंजीनियर, क्वालिटी इंस्पेक्टर, सेल्स एग्जीक्यूटिव, कंप्यूटर ऑपरेटर, टेलीकॉलर और रिलेशनशिप मैनेजर जैसे पदों पर भर्ती की जा सकती है। इसके अलावा नर्सिंग स्टाफ, केयरटेकर, सिक्योरिटी गार्ड, ड्राइवर, डिलीवरी स्टाफ और पिकर-पैकर सहित अप्रेंटिस और ट्रेनी पद भी शामिल हैं।
इन सेक्टरों में सबसे ज्यादा पद
विभागीय जानकारी के अनुसार टेक्निकल एवं मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र में लगभग 4,800, लॉजिस्टिक्स एवं ट्रांसपोर्ट में करीब 1,600, सिक्योरिटी में लगभग 650 और हेल्थकेयर एवं केयर सर्विसेज में करीब 580 पद उपलब्ध बताए गए हैं।
आवेदन की अंतिम तिथि और प्रक्रिया
इच्छुक अभ्यर्थी 7 अक्टूबर 2026 से पहले ई-रोजगार पोर्टल erojgar.cg.gov.in पर अपना पंजीयन और प्रोफाइल अपडेट कर संबंधित पदों के लिए आवेदन करें। आवेदन के बाद पोर्टल से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर उसका प्रिंट निकालना होगा। नियोजक पोर्टल पर उपलब्ध प्रोफाइल के आधार पर अभ्यर्थियों की प्रारंभिक शॉर्टलिस्टिंग भी कर सकते हैं।
साथ ले जाएं जरूरी दस्तावेज
मेले में अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र, पहचान पत्र, शैक्षणिक एवं तकनीकी प्रमाण-पत्र, रोजगार पंजीयन कार्ड, बायोडाटा और पासपोर्ट साइज फोटो साथ ले जाना होगा। अनुभव प्रमाण-पत्र लागू होने पर साथ रखें। मूल दस्तावेजों के साथ उनकी छायाप्रति भी रखना उचित होगा।
8 अक्टूबर को ऑफर लेटर: रोजगार मेले के दूसरे दिन चयनित अभ्यर्थियों को ऑफर लेटर देने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि होंगे और कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
उद्योग एवं नियोजक रोजगार मेले में भागीदारी के लिए 7999385638 और 7000397968 पर संपर्क कर सकते हैं।



