मुंगेली। पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर मेरा युवा भारत (MY Bharat) द्वारा मुंगेली में निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन बिलासपुर संभाग के उपनिदेशक नितिन शर्मा के मार्गदर्शन एवं राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक नितेश कुमार मोहले के संयोजन में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रभक्ति, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अध्यापिका प्रीति यादव तथा मास्टर ट्रेनर चंद्रशेखर राजपूत उपस्थित रहे। अतिथियों ने पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन, विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं युवाओं की प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उनमें सकारात्मक सोच और राष्ट्रीय चेतना का विकास करती हैं।
निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में सकुन साहू ने प्रथम, आकाश सिंह ने द्वितीय तथा भूमिका साहू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को अतिथियों द्वारा मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की गई। आयोजकों ने उपस्थित अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी युवाओं के व्यक्तित्व विकास और राष्ट्र निर्माण से जुड़े ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने की बात कही।






