दुर्ग : जिले के एजुकेशन हब भिलाई में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। स्मृति नगर थाना क्षेत्र में एक कॉलेज छात्रा के साथ सरेआम अश्लील हरकत का मामला सामने आया है। आरोपी ने चाय की दुकान पर बैठकर दोस्तों के साथ कैरम खेल रही छात्रा को जबरन किस करने की कोशिश की। विरोध करने पर उसकी सहेली से भी मारपीट की गई। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता मूल रूप से बालोद जिले की रहने वाली है और भिलाई के स्मृति नगर क्षेत्र में रहकर पढ़ाई करती है।
31 जुलाई को वह अपने दोस्तों के साथ मॉडल टाउन स्थित शनि मंदिर के पास एक चाय की टपरी पर बैठी थी। इसी दौरान हेमंत क्षत्री नाम का युवक वहां पहुंचा और छात्रा के साथ अश्लील हरकत करते हुए जबरन किस करने की कोशिश करने लगा। आरोपी की हरकत से छात्रा घबरा गई और खुद को बचाने के प्रयास में कुर्सी से नीचे गिर गई।
डीसीपी के गनमैन ने की आत्महत्या, आरक्षक कुलदीप मिश्रा ने जहर खाकर दी जान
इसके बाद आरोपी वहां से भागने लगा, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंची छात्रा की सहेली के साथ भी आरोपी ने मारपीट की। घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई। छात्रा की शिकायत के बाद शनिवार को स्मृति नगर पुलिस ने आरोपी हेमंत क्षत्री के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।



