रायपुर की पुलिस कॉलोनी में पदस्थ एक आरक्षक की मौत से पुलिस विभाग में शोक का माहौल है। जहर सेवन की हालत में अस्पताल पहुंचाए गए आरक्षक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच में जुटी है। राजधानी के अमलीडीह स्थित पुलिस कॉलोनी में रहने वाले पुलिस लाइन के आरक्षक कुलदीप मिश्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उन्होंने जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया था। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
जांच के दौरान पुलिस मृतक के परिजनों, सहकर्मियों और परिचितों से पूछताछ कर रही है। साथ ही घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।



