कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा में एक बार फिर दो गुटों के बीच हिंसक झड़प का मामला सामने आया है। पुरानी रंजिश को लेकर 50 से अधिक युवकों ने पंप हाउस कॉलोनी पहुंचकर एक युवक और उसके साथियों के साथ मारपीट की। घटना में एक युवती के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना सीएसईबी चौकी क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, 15 ब्लॉक और पंप हाउस कॉलोनी के युवकों के बीच पुराना विवाद चल रहा था।
इसी रंजिश के चलते बड़ी संख्या में युवक कथित तौर पर हथियार लेकर पंप हाउस कॉलोनी पहुंचे और हरीश राव और उसके साथियों के साथ मारपीट की। आरोप है कि हमलावर घर के भीतर घुस गए और वहां मौजूद लोगों के साथ भी मारपीट की। पीड़ित पक्ष का दावा है कि कुछ समय पहले स्कूल के पास लड़कियों से छेड़छाड़ का विरोध करने के बाद से दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ था। इसी बात को लेकर पहले भी दोनों पक्षों में मारपीट हो चुकी है और उसी रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के दौरान एक युवती के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है।
Chhattisgarh News: मंदिर की बावड़ी बनी काल! पानी में डूबने से दो बच्चों की गई जान, गांव में मातम
मारपीट की सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर एफआईआर कायम कर ली है। घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है।






