कोरबा : पिछले बुधवार को छुरीकला में मुख्य मार्ग पर राज ज्वेलर्स में हुई लूट की घटना के सिलसिले में पुलिस की एक टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अंबिकापुर जिले के सीतापुर के एक ठिकाने में ये मिले। उनका एक सहयोगी और लूटकांड का तीसरा आरोपी फरार है। घटना में उसे मुख्य आरोपी बताया जा रहा है। पुलिस उसकी खोज में लगी हुई है। 1 जुलाई को दोपहर राज ज्वेलर्स में मोटर साइकिल में पहुंचे तीन लुटेरों ने इस घटना को अंजाम दिया। ये ग्राहक के वेश में आए थे। इनमें से एक युवती की ड्रेस में था। घटना को अंजाम देने के लिए इन्होंने अपने चेहरे पर स्कार्फ का उपयोग किया था और किसी तरह से अंदर एंट्री ले ली। ज्वेलरी खरीदी के बहाने उन्होंने अपने आपको प्रस्तुत किया लेकिन कुछ ही देर में उनकी हरकतों पर संचालक को संदेह हुआ। वह सतर्क होता इससे पहले उन्होंने कारनामा शुरू कर दिया। लूटपाट और मारपीट के दौरान संचालक ने आपा खोने के बजाय हिम्मत दिखाई और लुटेरों से भिड़ गया। हालांकि इस दौरान उन्हें चोटें आई। शोर-शराबा होने और आसपास लोगों की हलचल होने पर लुटेरों ने यहां से भागना उचित समझा।
कोरबा-करतला क्षेत्र में हाथियों का बढ़ा खतरा, खेतों की ओर लौटते किसानों को सतर्क रहने की अपील
शातिर तरीके से लुटेरे यहां से भाग खड़े हुए लेकिन जाते-जाते अपनी एक कबाड़ किस्म की प्लेटिना बाइक छोड़ गए। उन्होंने दूसरी गाड़ी का इस्तेमाल किया। राज ज्वेलर्स के बगल में संचालित एक ऑटो मोबाइल वर्कशॉप से जुड़े व्यक्ति ने अपने स्तर पर लुटेरों को दबोचने की कोशिश की तो उस पर भी निशाना साधा गया। कुछ ही देर में यह मामला यहां छा गया। खबर होने पर कटघोरा पुलिस सहित कोरबा से बड़े अधिकारी पहुंचे, जिन्होंने वस्तुस्थिति की जानकारी ली। घटना स्थल से लेकर आसपास के सीसीटीवी फुटेज देखे गए। इसके जरिए मिले इनपुट से आरोपियों की पतासाजी का काम तेज किया गया। कई थानों के प्रभारियों के नेतृत्व में टीमें बनाई गई, जिन्होंने अलग-अलग क्षेत्र में काम किया।
खबर के अनुसार एक पुख्ता सूचना पर पुलिस की एक टीम ने जिसका नेतृत्व सीनियर टीआई कर रहे थे, दो आरोपियों को दबोच लिया। उन्हें यहां लाने के बाद कई क्षेत्रों में घुमाया गया। इसके जरिए कई अहम चीजें जुटाने की कोशिश की जा रही है। खबर के अनुसार इस मामले में मुख्य आरोपी पुलिस के कब्जे में नहीं आ सका है जिसने योजना बनाई और इसे अंजाम देना चाहा। कहा जा रहा है कि दो सहयोगी आरोपियों के पकड़े जाने के बाद तीसरे आरोपी का बच पाना मुश्किल है। इसके लिए कई स्तर पर काम जारी है।






