Wasim Jaffer: भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज पूर्व बल्लेबाज वसीम जाफर ने साल 2020 में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया था. इसके बाद वह कभी कमेंट्री की दुनिया में दिखाई दिए तो कभी कोचिंग की दुनिया में सक्रिय रहे. अब पूर्व क्रिकेटर वसीम जाफर एक नई भूमिका में नजर आने वाले हैं. हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन में उन्हें दो साल के लिए बड़ी जिम्मेदारी मिली है.
वसीम जाफर को मिली बड़ी जिम्मेदारी
दरअसल रणजी ट्रॉफी के सबसे बल्लेबाज वसीम जाफर को हैदराबाद क्रिकेट संघ ने अपनी टीम का मेंटॉर नियुक्त किया है. पिछले कुछ वक्त तक आईपीएल में पंजाब किंग्स से लेकर घरेलू क्रिकेट में ओडिशा, पंजाब और उत्तराखंड की टीमों में कोचिंग दे चुके वसीम जाफ़र का अगला सफर अब हैदराबाद के साथ रहेग. क्रिकबज की एक रिपोर्ट के मुताबिक हैदराबाद क्रिकेट संघ ने पूर्व बल्लेबाज को अपनी टीम के मेंटॉर पद की भूमिका का प्रस्ताव दिया था, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया है.
2 साल के लिए हुई डील
रणजी ट्रॉफी में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी वसीम जाफर अगले 2 साल तक हैदराबाद की टीम के मेंटॉर रहेंगे. वसीम ने बतौर बल्लेबाज मुंबई और विदर्भ जैसी टीमों को रणजी ट्रॉफी का खिताब जितवाने में अहम भूमिका निभाई है. वसीम अब इसी तरह की सफलता हैदराबाद के साथ भी दोहराने की कोशिश करेंगे.
इन खिलाड़ियों के साथ काम करेंगे वसीम जाफर
बता दें, हैदराबाद क्रिकेट संघ में वसीम जाफर को टीम इंडिया के स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज और युवा स्टार बल्लेबाज तिलक वर्मा के साथ भी काम करने का मौका मिल सकता है. बीसीसीआई के आदेशों के बाद से ही नेशनल टीम के खिलाड़ियों को भी वक्त मिलने पर घरेलू क्रिकेट खेलना जरूरी है.
ऐसे में घरेलू सीजन के दौरान किसी वक्त पर सिराज और तिलक नेशनल टीम से बाहर रहते हैं तो वो हैदराबाद की टीम के लिए खेलते हुए वसीम जाफ़र के साथ अपने स्किल्स पर का कर सकते हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक जाफर की नियुक्ति में हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन के नए डाइरेक्टर ऑफ क्रिकेट अंबाती रायुडू की बड़ी भूमिका है और उनके कहने पर ही जाफर को मेंटॉर बनाया गया है.






