कोरबा : सिविल लाइन थाना क्षेत्र के आरामशीन पारा काशी नगर में निर्माणाधीन तीन मंजिला मकान में काम कर रहा एक मजदूर 11 केवी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और साथी मजदूरों ने तत्काल घायल को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। जानकारी के अनुसार, पोड़ी निवासी अजय चौहान (26) ठेकेदार के अधीन मजदूरी का कार्य कर रहा था। निर्माण कार्य के दौरान वह गीली रस्सी ऊपर फेंक रहा था, इसी दौरान रस्सी पास से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन से टकरा गई।
कोरबा में बढ़ी आपात सेवाओं की रफ्तार, 22 नए डायल 112 वाहनों को मिली हरी झंडी
करंट लगते ही मजदूर बुरी तरह झुलस गया और उसकी पीठ तथा दोनों हाथ गंभीर रूप से प्रभावित हो गए। डॉक्टरों के मुताबिक, मजदूर लगभग 40 प्रतिशत तक झुलस गया है। समय पर अस्पताल पहुंचाए जाने से उसकी जान बच गई, लेकिन हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। उसे लगातार निगरानी में रखा गया है और गहरे जख्मों का इलाज किया जा रहा है। घटना की सूचना जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल प्रबंधन ने चौकी पुलिस को मेमो के जरिए भेज दी है। पुलिस अब घायल का बयान दर्ज कर आगे की जांच करेगी।
CG Board Paper Leak Case: 12वीं हिंदी पेपर लीक मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार
प्रारंभिक जांच में निर्माण स्थल पर गंभीर सुरक्षा लापरवाही सामने आई है। बताया जा रहा है कि हाईटेंशन लाइन के बेहद करीब बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के निर्माण कार्य किया जा रहा था। न तो बिजली विभाग से शटडाउन लिया गया था और न ही आवश्यक सुरक्षा दूरी का पालन किया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में पहले भी निर्माण कार्य के दौरान हादसे हो चुके हैं, लेकिन सुरक्षा मानकों को लेकर ठेकेदार और संबंधित एजेंसियों द्वारा लापरवाही बरती जाती रही है। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही इसी क्षेत्र में एक अन्य निर्माणाधीन भवन से गिरकर मजदूर की मौत हुई थी। लगातार हो रही घटनाओं ने निर्माण कार्यों में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


