कोरबा, 9 जुलाई। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के निर्माण के उद्देश्य से डीएवी पब्लिक स्कूल, एसईएलएल कोरबा में सात दिवसीय वन महोत्सव का आयोजन उत्साह और सहभागिता के साथ संपन्न हुआ। पूरे सप्ताह आयोजित कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया।
वन महोत्सव का शुभारंभ विश्व शांति एवं हरित वसुंधरा की मंगलकामना के साथ वैदिक हवन से किया गया। इसके बाद विद्यालय परिसर में छायादार, फलदार एवं औषधीय पौधों का पौधारोपण किया गया। विद्यार्थियों ने वृक्षों के महत्व को रेखांकित करते हुए भाषण, कविता-पाठ, नारा लेखन, पर्यावरण संदेश, लघु नाटिका तथा वृक्ष संरक्षण की शपथ जैसे विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों को पौधारोपण के साथ-साथ पौधों की नियमित देखभाल का महत्व समझाया और प्रत्येक छात्र को कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय की प्राचार्या डॉ. चेतना शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि “वृक्ष प्रकृति की अमूल्य धरोहर हैं। आज लगाया गया प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण और सुरक्षित भविष्य प्रदान करेगा। पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है।”
इस अवसर पर एसईसीएल कोरबा प्रबंधन ने विद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायी प्रयास बताया। सात दिनों तक चले इस महोत्सव में विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई और प्रकृति संरक्षण का सामूहिक संकल्प दोहराया।






