कोटा (राजस्थान): नशे की लत किस हद तक ले जा सकती है, इसका हैरान कर देने वाला मामला राजस्थान के Kota जिले से सामने आया है। यहां एक व्यक्ति ने अपनी ही सरसों की फसल के बीच अवैध रूप से गांजे की खेती शुरू कर दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 1900 गांजे के पौधे बरामद किए और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
थाना अधिकारी Ramesh Chand Meena ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर जिला स्पेशल टीम और पगारिया थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। खेत में सरसों की फसल के बीच छिपाकर उगाए गए गांजे के कुल 1900 पौधे बरामद किए गए, जिनका वजन लगभग 167.9 किलोग्राम बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी विक्रम सिंह सोंधिया गांजे का आदी है। रोज-रोज नशे का इंतजाम करने की परेशानी से बचने के लिए उसने खुद ही खेती करने का रास्ता अपनाया। उसने सोचा कि एक बार फसल तैयार हो जाए तो कई महीनों तक नशे की व्यवस्था हो जाएगी। इसी योजना के तहत उसने सरसों के खेत के बीच गांजे के पौधे लगा दिए ताकि किसी को शक न हो।
हालांकि पौधों के बड़े होने पर इसकी भनक पुलिस तक पहुंच गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने छापा मारकर पूरी फसल जब्त कर ली और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
चारों तरफ सरसों की फसल के बीच इस तरह अवैध खेती देखकर स्थानीय लोग भी हैरान रह गए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


