नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने बीमा क्षेत्र में ऐतिहासिक सुधार की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। ‘सबका बीमा, सबकी रक्षा’ के लक्ष्य को आगे बढ़ाते हुए सरकार ने बीमा सेक्टर में 100 प्रतिशत प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) की मंजूरी देने का प्रस्ताव रखा है। इसके लिए 87 साल पुराने बीमा कानूनों में संशोधन से जुड़ा विधेयक लोकसभा में पेश किया गया है।
सरकार का कहना है कि इस फैसले से बीमा क्षेत्र में निवेश बढ़ेगा, प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा मिलेगा और आधुनिक बीमा उत्पाद आम लोगों तक पहुंचेंगे। वर्तमान में बीमा कंपनियों में FDI की सीमा 74 प्रतिशत है, जिसे बढ़ाकर 100 प्रतिशत करने का प्रस्ताव है।
इस बदलाव से खासकर ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों में बीमा कवरेज बढ़ने की उम्मीद है। सरकार के अनुसार, नए कानून से रोजगार के अवसर पैदा होंगे और बीमा क्षेत्र को वैश्विक स्तर पर मजबूत बनाया जा सकेगा।


