भारतीय सेना भर्ती प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) 1 जून 2026 से शुरू होने जा रही है। परीक्षा के लिए छत्तीसगढ़ के पांच शहरों में एग्जाम सेंटर बनाए गए हैं, जहां प्रदेशभर के अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। सेना भर्ती कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार उम्मीदवारों को परीक्षा में शामिल होने के लिए एडमिट कार्ड ऑनलाइन डाउनलोड करना अनिवार्य होगा।
भर्ती परीक्षा के लिए रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, अंबिकापुर और जगदलपुर सहित पांच प्रमुख शहरों में परीक्षा केंद्र तय किए गए हैं। अभ्यर्थी भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने लॉगिन आईडी और पासवर्ड की मदद से एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। एडमिट कार्ड में परीक्षा केंद्र, तिथि और समय से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई है।
read also: Chhattisgarh News : लगातार दूसरे दिन टावर पर चढ़ा युवक, जमकर मचाया हंगामा… मौके पर पहुंची पुलिस
सेना भर्ती कार्यालय ने उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंचने और जरूरी दस्तावेज साथ लाने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने बताया कि बिना एडमिट कार्ड और वैध पहचान पत्र के किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। उम्मीदवारों से परीक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।


