छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई क्षेत्र में राजधानी एक्सप्रेस पर पथराव की घटना सामने आई है। चलती ट्रेन पर अचानक हुए पथराव से इंजन के कांच में दरार आ गई, जिससे रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। हालांकि इस घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है और ट्रेन को एहतियातन जांच के बाद आगे के लिए रवाना किया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और जीआरपी मौके पर पहुंच गई। प्रारंभिक जांच में बताया गया है कि पथराव भिलाई के पास किसी रिहायशी इलाके से किया गया हो सकता है। अधिकारियों ने आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
read also: Republic Day 2026: पुरुषों की CRPF टुकड़ी का नेतृत्व करेंगी महिला अफसर, छत्तीसगढ़ से है खास नाता
रेलवे अधिकारियों ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस तरह की घटनाओं को गंभीरता से लिया जा रहा है। मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच तेज कर दी गई है। साथ ही स्थानीय लोगों से भी अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।


