CG News: बॉलीवुड अभिनेता और समाजसेवी सोनू सूद एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने भिलाई पहुंचे, जहां उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कई समसामयिक मुद्दों पर अपनी बेबाक राय रखी. भिलाई से अपने जुड़ाव का जिक्र करते हुए सोनू सूद ने कहा कि भिलाई मेहनती और कमाल के लोगों का शहर है. यहां के लोगों में आगे बढ़ने का जज्बा है और सभी को मिलकर इस शहर को और बेहतर बनाने की दिशा में काम करना चाहिए. उन्होंने कहा कि अच्छे कार्यों के लिए लोग उनसे जुड़ें, वह हमेशा समाज सेवा के लिए तैयार हैं.
यूनिफॉर्म सिविल कोड और धर्मांतरण पर रखी राय
यूनिफॉर्म सिविल कोड जैसे मुद्दों पर उन्होंने कहा कि देश में लोगों की सोच समय-समय पर बदलती रहती है. कई बार लोग अपने रास्ते से भटक जाते हैं, लेकिन फिर सही दिशा में लौट आते हैं. उन्होंने कहा कि वह खुद को किसी एक क्षेत्र या राज्य तक सीमित नहीं मानते. चाहे वह पंजाब से हों या भिलाई से, उनका उद्देश्य केवल लोगों की जिंदगी बदलना है और मिलकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाना है. धर्मांतरण के मुद्दे पर सोनू सूद ने कहा कि किसी भी समुदाय को निशाना बनाकर धर्म परिवर्तन कराना उचित नहीं है. उनका मानना है कि व्यक्ति जिस धर्म में जन्म लेता है, उसे उसी धर्म में सम्मानपूर्वक जीवन बिताना चाहिए.
नक्सलवाद छोड़ने वाले युवाओं को मिले नई शुरुआत का अवसर
नक्सलवाद के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि बस्तर के युवा और कलाकार बेहद प्रतिभाशाली हैं. जिन युवाओं ने नक्सलवाद छोड़कर आत्मसमर्पण किया है, उन्हें नई शुरुआत का अवसर और सही मार्गदर्शन मिलना चाहिए. तभी देश और बेहतर बनेगा और ऐसे युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए.
बच्चों पर अनावश्यक दबाव नहीं डालना चाहिए
वहीं, NEET परीक्षा और छात्रों की आत्महत्या के मामलों पर उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि बच्चों पर माता-पिता का अत्यधिक दबाव कई बार दुखद घटनाओं की वजह बनता है. उन्होंने कहा कि कोई भी परीक्षा किसी की जान से बढ़कर नहीं होती और बच्चों पर अनावश्यक दबाव नहीं डालना चाहिए. बच्चों को अपनी क्षमता के अनुसार आगे बढ़ने का अवसर देना चाहिए, ताकि वे मानसिक तनाव से दूर रहकर बेहतर भविष्य बना सकें.






