जशपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के युवा खिलाड़ी अनिमेष कुजूर की उपलब्धियों की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने अनिमेष से बातचीत करते हुए उनकी मेहनत, संघर्ष और खेल के प्रति समर्पण की प्रशंसा की। देश के सर्वोच्च नेतृत्व से मिली इस सराहना के बाद जशपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में खुशी का माहौल है।
अनिमेष कुजूर ने हाल के वर्षों में एथलेटिक्स के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश के युवा खेलों में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं और अनिमेष जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। बातचीत के दौरान अनिमेष ने भी अपने अनुभव साझा किए और युवाओं को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।
read also: Chhattisgarh : ट्रक पर पेड़ गिरने से नेशनल हाईवे जाम, वाहनों की लंबी कतार
प्रधानमंत्री द्वारा ‘मन की बात’ में उल्लेख किए जाने के बाद अनिमेष कुजूर को बधाई देने वालों का तांता लग गया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, खेल प्रेमियों और क्षेत्रवासियों ने इसे जशपुर और पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का क्षण बताया। लोगों का कहना है कि इस सम्मान से राज्य के युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिलेगी।


