Aaj Ka Mausam: दिल्ली-NCR में 15 अगस्त की सुबह कुछ ऐसी रही कि मौसम देखकर पलभर को लगा, क्या अक्टूबर अभी ही आ गया? आसमान पर धुंध की मोटी परत, रोशनी कम और शहर का माहौल एकदम धुंधला-धुंधला. लेकिन कहानी सिर्फ धुंध पर खत्म नहीं होती. इस धुंध के बीच उमस ने लोगों की हालत और खराब कर दी. सुबह से ही बाहर निकलते ही शरीर पसीने से भीग रहा है और हवा में चिपचिपाहट महसूस हो रही है. यानी एक तरफ अक्टूबर जैसी धुंध और दूसरी तरफ गर्मी ऐसी कि शरीर भांप बनता महसूस हो. देश की राजधानी दिल्ली का यह मौसम सिर्फ असहज नहीं है, बल्कि बदलते मौसम की अजीब तस्वीर भी दिखा रहा है. खास बात यह है कि देश के कई हिस्सों में आज बारिश का जोर है और IMD ने कई राज्यों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट दिया है. दिल्ली के अलावा उत्तर भारत से लेकर मध्य और पूर्वी भारत तक मौसम का मिजाज काफी बदला हुआ है. कहीं बादल बरसने को तैयार हैं, कहीं तेज हवाओं के साथ गरज-चमक है और कहीं लगातार बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं. छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश में आज बहुत भारी बारिश का अनुमान है. उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर और झारखंड में भी बारिश का दौर जारी रहने वाला है. ओडिशा में तो भारी बारिश के बाद कई जिले फिर बाढ़ की चपेट में आ गए हैं. ऐसे में 15 अगस्त का मौसम सिर्फ राजधानी के लिए ही नहीं, बल्कि देश के कई हिस्सों के लिए अलर्ट वाला दिन है.
देशभर में मानसून का बदला मिजाज, कहीं बारिश तो कहीं उमस और धुंध
- मानसून के सक्रिय दौर के बीच मौसम विभाग (IMD) ने आज कई राज्यों में बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है. दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और गुजरात समेत कई इलाकों में बारिश की संभावना है. कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं. समुद्री इलाकों में भी मौसम खराब रहने का अनुमान है. बंगाल की खाड़ी से जुड़े तटीय इलाकों में मछुआरों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
- दिल्ली-NCR की सुबह का अलग ही रंग देखने को मिला. धुंध और कम रोशनी ने लोगों को अक्टूबर जैसी सुबह का अहसास कराया, जबकि तापमान और उमस ने गर्मी का एहसास कम नहीं होने दिया. मौसम का यह कॉम्बिनेशन लोगों के लिए सबसे ज्यादा परेशान करने वाला है. बारिश का अलर्ट है, लेकिन सुबह की हवा में वह ठंडक नहीं दिखी जिसकी उम्मीद बादलों के बीच होती है. यही वजह है कि राजधानी में मौसम एक साथ दो अलग तस्वीरें दिखा रहा है.
दिल्ली-NCR में अक्टूबर जैसी धुंध, लेकिन उमस ने बढ़ाई बेचैनी
दिल्ली में 15 अगस्त को आसमान सामान्यतः बादलों से घिरा रहने की संभावना है. सुबह से हल्की बारिश के कई दौर हो सकते हैं और शाम तक भी बारिश का असर बना रह सकता है. IMD के मुताबिक राजधानी में हल्की से मध्यम बारिश का दौर देखने को मिल सकता है. अधिकतम तापमान करीब 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. लेकिन तापमान से ज्यादा परेशानी उमस दे सकती है. सुबह दिखाई दे रही धुंध के बीच गर्म और चिपचिपी हवा दिल्ली-NCR के लोगों को परेशान कर सकती है.
उत्तर प्रदेश में बारिश बढ़ाएगी मुश्किल, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में 15 अगस्त को पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है. नोएडा, गाजियाबाद से लेकर लखनऊ, कानपुर, आगरा, गोरखपुर, अलीगढ़ और मुजफ्फरनगर तक मौसम बदल सकता है. कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. लखनऊ में अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दिल्ली से सटे इलाकों पर भी मौसम की गतिविधि का असर देखने को मिल सकता है.
बिहार में गरज-चमक के साथ बारिश, 19 अगस्त तक सक्रिय रहेगा मौसम
बिहार में भी आज मौसम करवट ले सकता है. IMD ने 15 से 19 अगस्त के बीच राज्य में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश की संभावना जताई है. पटना, नालंदा, दरभंगा, पूर्णिया, मुंगेर, गया, औरंगाबाद, बेगूसराय, समस्तीपुर, सहरसा और किशनगंज समेत कई जिलों में बारिश हो सकती है. पटना में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. बारिश और उमस का यह मेल लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है.
झारखंड में तेज हवाओं के साथ बारिश, कई इलाकों में बदलेगा मौसम
झारखंड में 15 से 18 अगस्त के बीच मौसम सक्रिय रहने का अनुमान है. कई इलाकों में बारिश के साथ तेज हवाएं और गरज-चमक हो सकती है. रांची, जमशेदपुर, रामगढ़, चतरा, गुमला, पलामू, खूंटी, सरायकेला, दुमका और साहिबगंज में मौसम खराब रह सकता है. रांची में अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. लगातार बारिश से निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बन सकती है.
ओडिशा में बारिश ने बढ़ाई बाढ़ की चिंता, 5 जिले फिर प्रभावित
ओडिशा में बारिश का असर सबसे गंभीर तस्वीरों में से एक दिखा रहा है. बालासोर, मयूरभंज, भद्रक, जाजपुर और क्योंझर फिर बाढ़ की चपेट में हैं. बैतरणी नदी का जलस्तर बढ़ने से क्योंझर के कई इलाकों में स्थिति बिगड़ी है. आनंदपुर रिंग तटबंध में दरार के बाद पानी रिहायशी इलाकों में पहुंच गया. बुधबलंग नदी चेतावनी स्तर पार कर चुकी है. प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों से करीब 3,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है. मौसम विभाग ने सुंदरगढ़, बरगढ़, संबलपुर और झारसुगुड़ा के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
मध्य प्रदेश में बहुत भारी बारिश का खतरा, पूर्वी हिस्से सबसे ज्यादा प्रभावित
मध्य प्रदेश में आज मौसम बेहद सक्रिय रहने वाला है. IMD ने पूर्वी मध्य प्रदेश में बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है. पश्चिमी हिस्सों में भी बारिश का दौर जारी रह सकता है. भोपाल, विदिशा, सीहोर, रायसेन, जबलपुर, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, शहडोल, अनूपपुर, उमरिया, मंडला, डिंडौरी, सीधी और पन्ना समेत कई जिलों में बारिश हो सकती है. भोपाल में अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
राजस्थान में बारिश की रफ्तार होगी कम, लेकिन कुछ इलाकों में तेज बौछारें
राजस्थान में मानसून की सक्रियता के चलते पिछले कई दिनों से कई इलाकों में जोरदार बारिश हो रही है. जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार, चित्तौड़गढ़ और माउंट आबू में भारी बारिश का अलर्ट है. वहीं जयपुर और बारां जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है. 15 अगस्त को जोधपुर, उदयपुर और अजमेर संभाग के अधिकतर हिस्सों में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है. हालांकि बीकानेर, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग के कुछ इलाकों में मध्यम से तेज बारिश हो सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक 15 अगस्त से राज्य के उत्तरी और उत्तर-पूर्वी हिस्सों को छोड़कर ज्यादातर इलाकों में बारिश की गतिविधियां धीरे-धीरे कम होने लगेंगी.



