राजस्थान: डीग जिले के घोसिंघा गांव में शादी के जश्न के बीच लापरवाही का ऐसा नजारा देखने को मिला कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दरअसल, विवाह समारोह में आतिशबाजी के दौरान बारातियों की लापरवाही से कार में आग लग गई। हालांकि, गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाराती जिस गाड़ी में सवार थे, उसके बोनट पर स्काई शॉट (रॉकेट) का बॉक्स रखकर आतिशबाजी कर रहे थे। इसी दौरान जलता हुआ बॉक्स फिसलकर खुले सनरूफ से गाड़ी के अंदर जा गिरा। देखते ही देखते कार आग की लपटों से घिर गई और आग का गोला बन गई। अचानक आग भड़कने से बारात में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में गाड़ी की सीट और अंदरूनी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
वीडियो हुआ वायरल
हादसे के दौरान बारात में मौजूद लोगों ने किसी तरह खुद को सुरक्षित किया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कार को आग की लपटों से घिरा हुआ देखा जा सकता है। घटना के बाद कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। हालांकि, अच्छी बात ये रही कि बड़ा हादसा होने से टल गया।
सुप्रिया श्रीनेत-नेहा राठौर की बढ़ी मुश्किलें, रायपुर में FIR दर्ज; भ्रामक वीडियो वायरल करने का आरोप
हरियाणा के सोहना गांव से आई थी बारात
घौसिंगा निवासी सरपंच प्रतिनिधि रूस्तम ने बताया कि हरियाणा के सोहना गांव से डीग के घोसिंगा में रविवार को बारात आई थी। दिन का समय था, बाराती गाड़ी के बोनट पर स्काई शाॅट का बाक्स रखकर चला रहे थे। तभी आतिशबाजी के दौरान बॉक्स ऊपर से खुली गाड़ी में गिर गया। इस दौरान कार के अंदर से ही रॉकेट चलने लगे और कार में आग लग गई। लोगों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।



