सड़क किनारे ठेले पर गुपचुप (पानी पुरी) खाना लोगों के लिए भारी पड़ गया। एक ही इलाके में करीब 25 लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच में इसे फूड पॉइजनिंग का मामला बताया है।
बताया जा रहा है कि सभी लोग एक ही ठेले से गुपचुप खाने के बाद बीमार पड़े। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर ठेले से खाद्य सामग्री के सैंपल जब्त किए और जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि साफ-सफाई में लापरवाही और दूषित पानी के इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है।
फिलहाल सभी मरीजों का इलाज जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि सड़क किनारे खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थ खाते समय सावधानी बरतें और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें।


