दुर्ग। जिले में कानून व्यवस्था को लेकर एसएसपी विजय अग्रवाल ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। जुआ, सट्टा और अवैध शराब की लगातार मिल रही शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं करने पर नंदिनीनगर थाना प्रभारी भानू प्रताप साव को निलंबित कर दिया गया है। उन्हें रक्षित केंद्र दुर्ग भेजा गया है।

जानकारी के अनुसार, एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को आबकारी एक्ट, जुआ-सट्टा एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद नंदिनीनगर क्षेत्र में अवैध गतिविधियां जारी रहीं और थाना प्रभारी द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
वर्ष 2026 में एसीसीयू टीम ने क्षेत्र में छापेमारी कर आबकारी एक्ट के 4, एनडीपीएस एक्ट का 1, सट्टा एक्ट के 4 और जुआ एक्ट का 1 मामला दर्ज किया था। इसके बाद भी स्थानीय स्तर पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने को गंभीर लापरवाही माना गया।
एसएसपी ने इसे कर्तव्य के प्रति उदासीनता मानते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबन की कार्रवाई की। साथ ही जिले में प्रशासनिक कसावट लाने के लिए एक ट्रेनी डीएसपी, एक निरीक्षक, चार सब-इंस्पेक्टर और एक सहायक उप निरीक्षक का तबादला भी किया गया है।


