जशपुर। राज्यपाल रमेन डेका ने रविवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यावरण को लेकर अहम निर्देश दिए। उन्होंने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने और जल संरक्षण के लिए डबरी निर्माण व पुराने कुओं के जीर्णोद्धार पर जोर दिया।
राज्यपाल ने टीबी, सिकल सेल और स्तन कैंसर मरीजों के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, साथ ही जरूरत पड़ने पर मरीजों को रायपुर, अंबिकापुर और एम्स भेजने को कहा। विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा और बिरहोर परिवारों के लिए हर माह मेडिकल कैंप लगाने और उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने पर भी बल दिया।
उन्होंने महिलाओं के स्व-सहायता समूहों को आत्मनिर्भर बनाने, नवाचार को बढ़ावा देने और बच्चों को नशे से दूर रखने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर रोहित व्यास सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।


