नई दिल्ली, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और कार्यशैली की जमकर सराहना करते हुए उन्हें “एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचार” बताया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के लिए ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना हमेशा सर्वोपरि रही है।
सोमवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में चौहान ने पीएम मोदी के साथ अपने 35 वर्षों के अनुभव साझा करते हुए कहा कि इतने लंबे कार्यकाल को कुछ मिनटों में समेटना मुश्किल है। उन्होंने बताया कि मोदी जी परिश्रम और समर्पण की मिसाल हैं।
चौहान ने एक भावुक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि अपनी मां के निधन के दिन भी पीएम मोदी ने निजी दुख को कर्तव्य के आड़े नहीं आने दिया और अंतिम संस्कार के बाद पूर्व निर्धारित कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने इसे राष्ट्र के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का उदाहरण बताया।
गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में मोदी के कार्यकाल को याद करते हुए चौहान ने कहा कि भुज-कच्छ भूकंप के बाद हुए पुनर्निर्माण की दुनिया भर में सराहना हुई। उन्होंने मोदी सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि कृषि उत्पादन, महिला सशक्तिकरण, आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई और सामाजिक सुधारों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।
चौहान ने कहा कि 2014 के बाद देश में स्थिर नेतृत्व के साथ विकास का नया दौर शुरू हुआ, जिसे वह “मोदी युग” के रूप में देखते हैं।


