Delhi Blast Breaking News: दिल्ली में हुए धमाके के बाद पूरे देश में सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है। घटना के तुरंत बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (CCS) की आपात बैठक बुलाई है। सूत्रों के मुताबिक, यह बैठक थोड़ी देर में शुरू होगी, जिसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृहमंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल मौजूद रहेंगे।
इस बैठक में धमाके की जांच, सुरक्षा एजेंसियों की शुरुआती रिपोर्ट, और आगे की रणनीति पर चर्चा की जाएगी। बताया जा रहा है कि एनआईए और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को जांच की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, केंद्रीय गृहमंत्रालय ने सभी राज्यों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
घटना स्थल से मिले सबूतों को फॉरेंसिक टीम ने कब्जे में ले लिया है और बम स्क्वॉड लगातार मौके पर जांच कर रहा है। अभी तक धमाके के कारण और इसके पीछे की साजिश को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन प्राथमिक जांच में आतंकी एंगल से भी इंकार नहीं किया गया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने घटना की जानकारी लेकर अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। दिल्ली और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है, खासकर रेलवे स्टेशन, मेट्रो और भीड़भाड़ वाले इलाकों में।


