रिपोर्ट- सूरज साहु
CG News: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में पुलिस ने एक ब्लाइंड मर्डर का खुलासा किया है, जहां बीते 12 जून को बंद बोरों में बंधी लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी. अब पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए कई चौंकाने वाले तथ्य सामने रखे हैं. जांच में पता चला है कि पिता की प्रताड़ना से तंग आकर महज 19 वर्षीय बेटे ने इस वारदात को अंजाम दिया. वहीं, हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने में उसके मौसा और दोस्त ने मदद की, जबकि मां ने साक्ष्य मिटाने का काम किया. पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है.
अज्ञात शव मिलने से मचा था हड़कंप
दरअसल, रामानुजनगर थाना क्षेत्र के तिवरागुड़ी गांव में बीते दिनों दो बोरों में बंधी हुई एक अज्ञात व्यक्ति की लाश मिली थी. शव की 8 दिनों तक शिनाख्त नहीं हो पाने के कारण पुलिस ने नियमानुसार उसका कफन-दफन कर दिया था. साथ ही सोशल मीडिया सहित अन्य माध्यमों से मृतक की पहचान करने का प्रयास किया गया. इसके बाद मृतक के छोटे भाई ने शव की पहचान शिवप्रसाद गोंड (45) निवासी चिरमी बचरापोड़ी, थाना बैकुंठपुर के रूप में की. पहचान होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज की और हत्या के कारणों का पता लगाया.
पिता की प्रताड़ना से परेशान था बेटा
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक का 19 वर्षीय पुत्र अपने पिता की प्रताड़ना से लंबे समय से परेशान था. पूछताछ के दौरान आरोपी बेटे ने बताया कि उसने 10 जून की रात अपने घर, चिरमी बचरापोड़ी थाना बैकुंठपुर में ही वारदात को अंजाम दिया. उसने मसाला पीसने वाले लोढ़ा से अपने पिता पर हमला किया, जिससे उनकी मौत हो गई.
दोस्त और मौसा ने शव ठिकाने लगाने में की मदद
हत्या के बाद आरोपी बेटे ने अपने दोस्त की मदद से शव को बोरे में भरा और बाइक के जरिए उसे तिवरागुड़ी स्थित अपने मौसा के घर पहुंचाया. इसके बाद 11 जून की रात मौसा की मदद से शव को तिवरागुड़ी गांव के एक मैदान में फेंक दिया गया, ताकि किसी को घटना की जानकारी न हो सके.
मां ने साक्ष्य मिटाने के लिए की लिपाई-पुताई
मामले की जांच के दौरान यह भी सामने आया कि मृतक शिवप्रसाद गोंड की पत्नी ने बेटे द्वारा की गई हत्या के साक्ष्यों को छिपाने के लिए घर की लिपाई-पुताई कर दी थी. आरोपियों ने पुलिस को बताया कि मृतक शिवप्रसाद गोंड अपने बेटे के साथ बचपन से ही मारपीट करता था. इसी प्रताड़ना से परेशान होकर बेटे ने यह कदम उठाया.
11 दिन बाद हुआ सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा
बहरहाल, पुलिस ने 11 दिनों की जांच के बाद इस ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा कर दिया है और सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है. इस घटनाक्रम ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. हालांकि, किसी भी परिस्थिति में हत्या किसी समस्या का समाधान नहीं हो सकती. पुलिस पूरे मामले की आगे भी जांच कर रही है.





