Congress News: कांग्रेस ने एक बार फिर संगठन में बदलाव की तैयारी कर ली है. कई राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष और एआईसीसी में बदलाव की आहट तेज हो गई है.खास बात यह है कि यह बदलाव आने वाले चुनावों को देखकर लिया जा सकता है. कहा ये भी जा रहा है कि कई दिग्गजों का पद जा सकता है.
सूत्रों के मुताबिक, चार महासचिवों की जिम्मेदारियां बदली जा सकती हैं, जबकि कई राज्यों के प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष भी बदले जा सकते हैं. यही वजह है कि तमाम नेताओं की दिल्ली में हलचल बढ़ गई है. इसके साथ ही कई नेता दिल्ली भी पहुंच रहे हैं
बताया जा रहा है कि महाराष्ट्र, तमिलनाडु, हरियाणा, छत्तीसगढ़ और दिल्ली समेत कुछ राज्यों में नए प्रभारियों की नियुक्ति हो सकती है. इसके अलावा राष्ट्रीय सचिवों की संख्या में भी कटौती किए जाने की संभावना है. पार्टी नेतृत्व का मानना है कि आगामी चुनावों से पहले संगठन को ज्यादा चुस्त और जवाबदेह बनाना जरूरी है.
कई दौर की बैठक के बाद फैसला
इन बदलावों को लेकर हाल के दिनों में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के साथ साथ अन्य वरिष्ठ नेताओं के बीच कई दौर की बैठकों का दौर चला है. माना जा रहा है कि संगठन में प्रदर्शन और चुनावी जरूरतों के आधार पर नई जिम्मेदारियां तय की जाएगी.
संगठन में होगा बड़ा बदलाव
पार्टी के अंदर इसे संगठन को नए सिरे से खड़ा करने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है. आने वाले दिनों में कांग्रेस नेतृत्व आधिकारिक घोषणा कर सकता है, जिसके बाद कई राज्यों में नेतृत्व और संगठनात्मक ढांचे में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है.
पंजाब और उत्तर प्रदेश में अगले साल 2027 में विधानसभा चुनाव होना है, ऐसे में प्रदेश अध्यक्ष में बदलाव की आहट को अहम माना जा रहा है.





