Kasdol Murder Case: कसडोल हत्याकांड मामले में छत्तीसगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पिछले चार महीने में हुई 8 मौतों के मामले में साइको किलर रामसहाय जायसवाल (46 साल) को गिरफ्तार कर लिया गया है. उस पर 8 हत्या और एक हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, बलौदाबाजार जिले के ग्राम खर्वे में रहस्यमयी तरीके से हुई 8 मौतों के मामले में ग्रामीणों ने 6 जून 2026 को कसडोल SDOP को आवेदन देकर जांच की मांग की. ग्रामीणों का कहना था कि इनकी कड़ाई से जांच होनी चाहिए. इसके साथ गांव में रहने वाले रामसहाय जायसवाल पर शक जताया था. मामले की जांच के लिए थाना प्रभारी प्रवीण मिंज, साइबर थाना प्रभारी प्रणाली वैद्य और अन्य पुलिसकर्मियों की टीम बनाई गई. इसकी अगुवाई SDOP कौशल किशोर वासनिक कर रहे थे.
मौत से पहले सभी रामसहाय से मिले थे
पुलिस ने जांच शुरू की. दफनाए गए सभी शवों को निकालकर रायपुर भेजा गया. वहीं, मृतक बुधराम जायसवाल का अंतिम संस्कार परिजनों ने कर दिया था. पुलिस ने हर एंगल से जांच शुरू की. कॉल रिकॉर्ड भी खंगाले गए. जांच टीम को एक लीड मिली. कुछ दिनों पहले रामसहाय ने कार्तिक नाम के शख्स को भी शराब पिलाई थी. इसके बाद वह बीमार हो गया था. जब वह अस्पताल से ठीक होकर लौटा तो उसने पुलिस को पूरी कहानी सुनाई.
कार्तिक की बातों पर गौर कर पुलिस ने गहराई से जांच की तो पता चला कि मरने वाले सभी व्यक्ति रामसहाय से मिलने गए थे. खुलासा हुआ कि सभी उसने शराब में जहर मिलाकर पिलाया. इसके साथ ही शराब पीने के बाद बीमार होने पर अस्पताल भी जाता था और अंतिम संस्कार में शामिल होता था, ताकि लोगों को उस पर शक ना हो.
रामसहाय ने क्यों हत्या की?
जिन 8 लोगों की रामसहाय जायसवाल ने हत्या की थी, उनके पुरानी रंजिश, जमीन का विवाद, पत्नी पर बुरी नजर रखने की शंका, टोना-टोटका और ब्याज पर पैसा लेना का मामला सामने आया है. जांच में खुलासा हुआ है कि लोगों को जहरीली शराब पिलाने से पहले उसने कुत्ते पर ट्रायल किया था.





