PM Modi Fuel Saving Appeal: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ईंधन संरक्षण और सरकारी संसाधनों के संयमित उपयोग को लेकर किए गए आह्वान का असर अब राज्यों में दिखने लगा है. छत्तीसगढ़ सरकार ने इस दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री और मंत्रियों के कारकेड में चलने वाले वाहनों की संख्या कम करने का फैसला किया है. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वैश्विक ऊर्जा संकट और पर्यावरणीय चुनौतियों का हवाला देते हुए इसे समय की आवश्यकता बताया है. उन्होंने न केवल सरकारी स्तर पर मितव्ययिता अपनाने की बात कही, बल्कि आम जनता से भी सार्वजनिक परिवहन और कारपूलिंग जैसे विकल्प अपनाने की अपील की है. केंद्र और राज्यों की इस पहल को प्रशासनिक सुधार और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
छत्तीसगढ़ सरकार का बड़ा फैसला
छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने आधिकारिक दौरों के दौरान कारकेड में शामिल वाहनों की संख्या सीमित करने का निर्देश दिया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि अब केवल अत्यावश्यक वाहनों को ही काफिले में शामिल किया जाएगा. इसके साथ ही मंत्रियों और विभिन्न निगम-मंडलों के पदाधिकारियों को भी सरकारी संसाधनों के संयमित उपयोग की सलाह दी गई है.
ईंधन बचत को राष्ट्रीय दायित्व बताया
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि वर्तमान समय में वैश्विक ऊर्जा संकट और पर्यावरणीय चुनौतियां गंभीर रूप ले चुकी हैं. ऐसे में पेट्रोल-डीजल जैसे मूल्यवान संसाधनों का जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करना प्रत्येक नागरिक और सरकार का राष्ट्रीय कर्तव्य है. उन्होंने इस पहल को “नेशन फर्स्ट” की भावना से प्रेरित कदम बताया.
सरकारी वाहन होंगे इलेक्ट्रिक
राज्य सरकार ने शासकीय वाहनों को चरणबद्ध तरीके से इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) में परिवर्तित करने की दिशा में भी काम शुरू करने का निर्णय लिया है. अधिकारियों के अनुसार, इससे न केवल ईंधन की बचत होगी बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी.
जनता से भी सहयोग की अपील
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करें, कारपूलिंग को अपनाएं और अनावश्यक निजी वाहनों के प्रयोग से बचें. उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे बदलाव बड़े परिणाम ला सकते हैं और यह एक जन-आंदोलन का रूप ले सकता है.
CG News : राजधानी में ट्रेड यूनियनों का हल्लाबोल, गिरफ्तार मजदूरों की रिहाई को लेकर जोरदार प्रदर्शन
पीएम मोदी के निर्देश का असर
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में अपने आधिकारिक काफिले में वाहनों की संख्या लगभग 50 प्रतिशत तक कम करने का निर्देश दिया है. सूत्रों के मुताबिक, उन्होंने एसपीजी को सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखते हुए काफिले को छोटा करने के निर्देश दिए हैं. साथ ही, पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ाने पर जोर दिया गया है.
खर्च घटाने और पर्यावरण संरक्षण पर जोर
प्रधानमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस बदलाव के लिए नई गाड़ियों की खरीद नहीं की जाएगी. मौजूदा संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए ही यह योजना लागू की जाएगी, जिससे सरकारी खजाने पर अतिरिक्त बोझ न पड़े. इस कदम को मितव्ययिता और पर्यावरण-अनुकूल प्रशासन की दिशा में अहम माना जा रहा है.


