Air Passengers Fare Shock: छत्तीसगढ़ में विमानों में सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खबर है. डोमेस्टिक फ्लाइट का संचालन करने वाली इंडिगो (IndiGo) ने घरेलू विमानों में बैगेज चार्ज में 59 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है. वहीं इंटरनेशनल फ्लाइट में पूर्व निर्धारित दर से तीन गुना से ज्यादा शुल्क तय किया गया है. यात्रियों को सफर के दौरान 15 किलो तक लगेज फ्री ले जाने की सुविधा होती है और उससे ज्यादा वजन पर शुल्क देना होता है.
इंडिगो ने बदला नियम, एक्स्ट्रा बैगेज ले जाना हुआ महंगा
जानकारी के अनुसार, घरेलू उड़ानों (Flight) में चेक-इन लगेज के अलावा अतिरिक्त हैंड लगेज पर लगने वाले शुल्क में बढ़ोतरी की गई है. पहले 7 से 15 किलो तक के सामान के बाद अतिरिक्त 3 किलो लगेज के लिए यात्रियों को 975 रुपए देने होते थे. अब यही शुल्क बढ़ाकर 1650 रुपए कर दिया गया है. इससे कम दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों पर भी अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा.
वहीं, इंटरनेशनल फ्लाइटों में भी बैगेज चार्ज में बड़ा बदलाव किया गया है. पहले 8 किलो तक अतिरिक्त सामान के लिए करीब 800 रुपए और इसके बाद प्रति किलो 100 रुपए शुल्क लिया जाता था. अब यात्रियों को अतिरिक्त सामान के लिए ज्यादा राशि चुकानी होगी. खासतौर पर लंबी दूरी की अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में इसका असर ज्यादा देखने को मिल सकता है.
यात्रियों पर पड़ेगा असर
लगेज शुल्क बढ़ने के बाद यात्रियों ने नाराजगी जताई है. यात्रियों का कहना है कि एयरलाइंस कंपनियां समय-समय पर अलग-अलग कारणों से शुल्क बढ़ा रही हैं. पहले कैंसिलेशन चार्ज में बढ़ोतरी की गई और अब लगेज शुल्क बढ़ा दिया गया है. यात्रियों का आरोप है कि बजट एयरलाइन होने का फायदा उठाकर कंपनी अतिरिक्त चार्ज बढ़ा रही है.
कुछ यात्रियों का कहना है कि हवाई यात्रा पहले ही आम लोगों के बजट से बाहर होती जा रही है. ऐसे में सामान ले जाने जैसे जरूरी हिस्से पर शुल्क बढ़ने से यात्रियों की परेशानी बढ़ेगी. उन्होंने विमानन विभाग से इस मामले में निगरानी और उचित कदम उठाने की मांग की है.





