General Dheeraj Seth: भारतीय सेना को नया नेतृत्व मिल गया है. जनरल धीरज सेठ ने मंगलवार को देश के नए सेना प्रमुख (चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ) के रूप में कार्यभार संभाल लिया. उन्होंने जनरल उपेंद्र द्विवेदी की जगह ली, जो लगभग 40 वर्षों की शानदार सैन्य सेवा के बाद सेवानिवृत्त हो गए. जनरल धीरज सेठ भारतीय सेना के 31वें सेना प्रमुख बने हैं.
जनरल धीरज सेठ इससे पहले सेना के उप प्रमुख (वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ) के पद पर कार्यरत थे. सेना में उनका लंबा और समृद्ध अनुभव रहा है.
उन्हें रणनीतिक योजना, आधुनिक युद्ध तकनीक और सेना के आधुनिकीकरण के क्षेत्र में विशेषज्ञ माना जाता है. उनके नेतृत्व में सेना को नई तकनीकों और आधुनिक हथियारों के इस्तेमाल पर अधिक ध्यान देने की उम्मीद की जा रही है.
कौन हैं धीरज सेठ?
धीरज सेठ ने अपनी प्रारंभिक सैन्य शिक्षा राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए), खड़कवासला से प्राप्त की. इसके बाद दिसंबर 1986 में उन्हें आर्मर्ड कोर में कमीशन मिला. अपने लगभग चार दशक लंबे सैन्य करियर में उन्होंने कई महत्वपूर्ण ज़िम्मेदारियां निभाईं. वे दक्षिणी कमान, दक्षिण-पश्चिमी कमान और भोपाल स्थित 21 कोर जैसी अहम सैन्य इकाइयों का नेतृत्व भी कर चुके हैं.
सेना में उनकी पहचान एक ऐसे अधिकारी के रूप में रही है जो आधुनिक तकनीक, ड्रोन, संयुक्त सैन्य अभियान और भविष्य की युद्ध रणनीतियों को बढ़ावा देने के पक्षधर हैं. हाल के सालों में उन्होंने सेना की युद्ध क्षमता बढ़ाने और नई तकनीकों को अपनाने के लिए कई महत्वपूर्ण पहल की हैं.
क्यों खास रहेगा सेठ का कार्यकाल
जनरल धीरज सेठ ऐसे समय में सेना की कमान संभाल रहे हैं, जब भारत अपनी सीमाओं की सुरक्षा को और मजबूत बनाने, सेना के आधुनिकीकरण और नई रक्षा चुनौतियों से निपटने पर विशेष ध्यान दे रहा है. उनसे उम्मीद की जा रही है कि उनके नेतृत्व में भारतीय सेना अपनी परिचालन क्षमता, तकनीकी ताकत और युद्धक तैयारियों को और मजबूत बनाएगी.






