रायगढ़ में साइबर ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला एक एनजीओ खाते से करीब 2.17 करोड़ रुपये के संदिग्ध ट्रांजेक्शन से जुड़ा है।
इंदिरानगर निवासी आयशा परवीन ने साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपियों ने CSR फंड के नाम पर भरोसे में लेकर उनके संस्थान के दस्तावेज लिए और एक्सिस बैंक में खाता खुलवाया। बाद में उन्हें गुवाहाटी बुलाकर मोबाइल में APK फाइल इंस्टॉल कर खाते की पूरी जानकारी हासिल कर ली और बड़े पैमाने पर ट्रांजेक्शन किए।
जांच में सामने आया कि आरोपी टेलीग्राम के जरिए साइबर गैंग से जुड़े थे और विभिन्न राज्यों में बैंक खाते उपलब्ध कराकर कमीशन लेते थे। पुलिस ने मितेश सोनी, विजय चंद्रा, अजय साहू, अभय यादव और सचिन चौहान को गिरफ्तार कर 6 मोबाइल व 1 लैपटॉप जब्त किया है। मामले में देशभर से 44 शिकायतें जुड़ी हैं।


