रायपुर। अंबिकापुर में महिला के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की घटना ने प्रदेशभर में आक्रोश पैदा कर दिया है। मामले पर गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी स्थानीय है और उसकी पहचान कर ली गई है। पुलिस जल्द ही उसे गिरफ्तार करेगी।
उन्होंने पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव द्वारा कड़ी सजा की मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि दंड देना न्यायालय का अधिकार है। सरकार और पुलिस का काम साक्ष्य प्रस्तुत करना है, ताकि दोषी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके।
इसी दौरान विजय शर्मा ने आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और केरल में भाजपा का जनाधार तेजी से बढ़ रहा है और इन राज्यों में पार्टी के बेहतर प्रदर्शन की संभावना है।
असम को लेकर उन्होंने कहा कि वहां की जनता घुसपैठ जैसी समस्याओं से जूझ रही थी और भाजपा सरकार ने इस दिशा में काम किया है। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि जहां-जहां वे चुनाव प्रचार के लिए जाते हैं, वहां भाजपा को फायदा मिलता है।


