बारसूर थाना क्षेत्र के कोहकाबेड़ा-बुरदूम के बीच चल रही सर्चिंग में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी; संयुक्त अभियान के दौरान हथियार, गोला-बारूद और अन्य सामग्री बरामद
दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में चलाए जा रहे एंटी नक्सल अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। बारसूर थाना क्षेत्र के कोहकाबेड़ा और बुरदूम के बीच जंगल-पहाड़ी इलाके में सर्चिंग के दौरान जवानों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियारों और अन्य सामग्री का डंप बरामद किया है। बरामद सामान में AK-47 राइफल, INSAS राइफल, BGL लॉन्चर, बड़ी संख्या में कारतूस और विस्फोटक सामग्री शामिल है।
पुलिस के अनुसार, आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिले इनपुट के आधार पर इलाके में अभियान चलाया गया था। जिला बल, DRG, बस्तर फाइटर्स और CRPF की संयुक्त टीम 5 अक्टूबर से मंगनार, बुरदूम, तोड़मा और कोहकाबेड़ा के जंगलों में एरिया डोमिनेशन और सर्चिंग कर रही थी। इसी अभियान के दौरान 6 अक्टूबर की सुबह करीब 6:30 बजे जवानों को जंगल में छिपाया गया नक्सली डंप मिला।
AK-47 और INSAS समेत कई हथियार बरामद
एसपी चंद्रमोहन सिंह के मुताबिक, बरामद हथियारों में एक AK-47 राइफल, उसकी मैगजीन और 23 राउंड गोलियां शामिल हैं। इसके अलावा एक INSAS राइफल और उसकी मैगजीन भी मिली है। सर्चिंग टीम को छह भरमार बंदूकें और एक BGL लॉन्चर भी बरामद हुआ।
डंप से BGL के 9 शेल और 5 अन्य BGL राउंड भी मिले हैं। इसके साथ ही 315 बोर के 138 राउंड बरामद किए गए हैं। पुलिस ने सभी हथियार और गोला-बारूद को अपने कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।
विस्फोटक सामग्री और संचार उपकरण भी मिले
सुरक्षा बलों को डंप से 8 कुकर बम और 4 टिफिन बम भी बरामद हुए हैं। इसके अलावा करीब 20 मीटर कॉडेक्स वायर और पिस्टन रॉड स्प्रिंग के 24 नग मिलने की जानकारी पुलिस ने दी है।
सर्चिंग के दौरान जवानों को वॉकी-टॉकी सेट, तीर बम, दो इन्वर्टर, एक मल्टीमीटर और नक्सली वर्दी के दो जोड़े भी मिले। बरामद सामग्री को सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत कब्जे में लिया गया है।
इंटेलिजेंस इनपुट के बाद बढ़ाई गई थी सर्चिंग
पुलिस के मुताबिक, बारसूर थाना क्षेत्र के मंगनार, बुरदूम, तोड़मा और कोहकाबेड़ा के पहाड़ी इलाकों में लगातार एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया जा रहा था। नक्सली डंप की सूचना मिलने के बाद CRPF और DRG की संयुक्त टीम ने सर्चिंग को तेज किया, जिसके बाद यह बरामदगी सामने आई।
एसपी चंद्रमोहन सिंह ने अभियान में इंटेलिजेंस और सूचना जुटाने वाले नेटवर्क की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। पुलिस का कहना है कि आसपास के अन्य इलाकों में नक्सली डंप से जुड़ी सूचनाओं का भी सत्यापन किया जा रहा है।
फिलहाल बरामद हथियारों, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री को लेकर आगे की कार्रवाई जारी है। सुरक्षा बलों ने इलाके में सर्चिंग और एरिया डोमिनेशन को और बढ़ा दिया है।



