रायगढ़। जिले के बनखेता स्टॉप डैम में नहाने गए एक प्लांट कर्मचारी की डूबने से मौत हो गई। यह घटना घरघोड़ा थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार ग्राम भेंड्रा निवासी 35 वर्षीय मुकेश महंत सनस्टील प्लांट के टेक्नो गार्ड विभाग में कार्यरत था। रविवार को वह अपने साथियों के साथ डैम में नहाने गया था, तभी अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
काफी देर तक बाहर नहीं आने पर साथियों ने आसपास के लोगों और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और गोताखोरों की टीम ने करीब एक घंटे की तलाश के बाद शव को डैम से बाहर निकाला। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


