दुर्ग। जिले में कानून व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने बड़ी कार्रवाई की है। जुआ-सट्टा, अवैध शराब और नशे के मामलों में लापरवाही बरतने पर नंदिनीनगर थाना प्रभारी भानू प्रताप साव को निलंबित कर दिया गया है।
इसके साथ ही छावनी थाना प्रभारी को पद से हटाकर ट्रैफिक विभाग भेजा गया है, जबकि पुलगांव थाना प्रभारी अमित अंदानी को छावनी थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा 6 अन्य पुलिस अधिकारियों का भी तबादला किया गया है। यह आदेश शनिवार रात जारी किया गया।
जारी आदेश के अनुसार, सभी थाना प्रभारियों को अवैध शराब, नशीले पदार्थ और जुआ-सट्टा के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे, लेकिन नंदिनीनगर क्षेत्र में इन गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो सका।
इस दौरान ACCU टीम की छापेमारी में 2026 में आबकारी एक्ट के 4, NDPS एक्ट का 1, सट्टा एक्ट के 4 और जुआ एक्ट का 1 मामला दर्ज किया गया। बाहरी टीम की कार्रवाई के बाद स्थानीय थाना प्रभारी की कार्यशैली पर सवाल उठे।
जांच में लापरवाही पाए जाने पर भानू प्रताप साव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केंद्र दुर्ग भेज दिया गया है।


