असम के सोनितपुर जिले में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में एम्बुलेंस और ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें सात लोगों की मौत हो गई। हादसा नेशनल हाईवे-15 पर उस समय हुआ, जब एम्बुलेंस एक मरीज और उसके परिजनों को तेजपुर मेडिकल कॉलेज ले जा रही थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस और रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया और यातायात बहाल किया।
वहीं मध्यप्रदेश के मंडला जिले में भी एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां बाइक पुल से नीचे गिरने से चार युवकों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सड़क पर गड्ढे के कारण बाइक अनियंत्रित होकर नीचे गिर गई। दोनों घटनाओं ने सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


