MP News: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मानहानि मामले में हाई कोर्ट में लिखित आवेदन दिया. राहुल गांधी ने लिखित आवेदन में अपने बयान पर खेद व्यक्त किया है. आवेदन में कहा गया है कि गलतफहमी में बयान दिया गया था. अब हाई कोर्ट ने राहुल गांधी के आवेदन पर कार्तिकेय चौहान से जवाब मांगा है. हाई कोर्ट ने कहा है कि कार्तिकेय चौहान की तरफ से लिखित में प्रतिक्रिया कोर्ट में पेश की जाए. पूरे मामले की सुनवाई कल फिर कोर्ट में होगी.
मानहानि के मामले की सुनवाई मंगलवार को हाई कोर्ट में हुई. इस दौरान भोपाल एमपी-एमएलए कोर्ट ने रिकॉर्ड पेश किया. हालांकि अंतरिम राहत को लेकर कोर्ट में बुधवार को सुनवाई रखी, जहां कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कोर्ट में लिखित आवेदन पेश किया. आवेदन में राहुल गांधी ने अपने बयान पर खेद व्यक्त किया है. मानहानि का पूरा मामला केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय चौहान से जुड़ा है.
क्या है पूरा मामला
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय चौहान ने लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि का मामला दर्ज करवाया था. इस मामले में कार्तिकेय चौहान का आरोप था कि मध्य प्रदेश के झाबुआ में साल 2018 में एक जनसभा को संबोधित करते हुए अपने भाषण में शिवराज चौहान और कार्तिकेय चौहान का नाम लिया था. भाषण में राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि पनामा पेपर लीक मामले में दोनों का नाम शामिल है. इस पर कार्तिकेय चौहान का कहना था कि राहुल गांधी ने झूठ फैलाकर उनकी छवि खराब करने की कोशिश की है.
इस मामले में कार्तिकेय चौहान की शिकायत पर भोपाल एमपी-एमएलए कोर्ट ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ समन जारी किया था. एमपी-एमएलए कोर्ट से समन मिलने के बाद राहुल गांधी ने इसके खिलाफ जबलपुर हाई कोर्ट में याचिका दायर की है.
राहुल गांधी ने दी थी सफाई
राहुल गांधी ने अपने भाषण के बाद अगले ही दिन पूरे बयान पर सफाई दी थी. राहुल गांधी ने कहा था कि वे छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह और उनके बेटे की बात कर रहे थे, लेकिन गलतफहमी के चलते उन्होंने गलती से शिवराज सिंह चौहान और उनके बेटे कार्तिकेय चौहान का नाम ले लिया था.





