CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में तेज गर्मी के बीच राहत की खबर है. मौसम विभाग के अनुसार 29 जून से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ने वाली हैं. आगामी 7 दिनों के दौरान बारिश की होने की संभावना है.
छत्तीसगढ़ में आंधी-तुफान के साथ बरसेंगे बादल
मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून के प्रदेश के शेष हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं. विभाग का अनुमान है कि अगले 3 से 4 दिनों में मानसून प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी तेजी से आगे बढ़ेगा। वहीं, आज प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और बारिश होने की संभावना जताई है. लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की गई है.
कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, 29 जून को प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश हो सकती है. इसके साथ गरज-चमक और वज्रपात की भी संभावना जताई गई है. अगले चार दिनों तक मौसम इसी तरह बना रह सकता है. लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है.

प्रदेश में बढ़ेगी बारिश की गतिविधि
मौसम विभाग का कहना है कि पिछले 24 घंटे में प्रदेश के सभी संभागों में कहीं न कहीं बारिश दर्ज की गई। 29 जून से बारिश की गतिविधियों में और तेजी आएगी. बारिश बढ़ने के साथ प्रदेश के तापमान में भी कमी आने की उम्मीद है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिनों तक तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है.





