CG News: छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर जिले के अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियों पर जिला कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने रोक लगा दी है. ये आदेश आगामी विधानसभा के सत्र को देखते हुए लिया गया है. दरअसल आगामी छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आ रहा है.
सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां कैंसिल
विधानसभा सत्र के दौरान काम प्रभावित न हो इसलिए जिला कलेक्टर ने जिले के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां कैंसिल करने का आदेश जारी किया है. जिला प्रशासन का मानना है कि विधानसभा सत्र में अगर जिले से संबंधित प्रश्नों के उत्तर मांगे गए तो प्रशासन उन्हें समयबद्ध एवं तथ्यात्मक उत्तर उपलब्ध कराने में सक्षम हो. इसलिए छुट्टियों पर रोक लगाई गई है.
कार्यालय में मौजूद रहने के निर्देश
जारी आदेश के अनुसार 13 जुलाई से 17 जुलाई 2026 तक आयोजित होने वाले विधानसभा मानसून सत्र की अवधि के दौरान जिले के सभी शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सभी प्रकार के अवकाश पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगाया गया है. इस आदेश में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को मुख्यालय में अनिवार्य रूप से मौजूद रहने के निर्देश भी दिए गए हैं.
कलेक्टर ने आदेश जारी करते हुए ये भी स्पष्ट किया है कि अगर किसी अधिकारी या कर्मचारी को बहुत जरूरी अथवा अपरिहार्य कारणों से अवकाश लेना पड़े तो इसके लिए सक्षम कार्यालय प्रमुख की पूर्व स्वीकृति होनी चाहिए. इतना ही नहीं संबंधित विभागाध्यक्ष अथवा कार्यालय प्रमुख से लिखित अनुमति प्राप्त करने के बाद ही मुख्यालय छोड़ने अथवा अवकाश पर जाने की अनुमति दी जाएगी.






