बिलासपुर। बिलासपुर से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाले अलायंस एयर के विमान में शुक्रवार को अचानक तकनीकी खराबी आने से यात्रियों में हड़कंप मच गया। उड़ान के दौरान विमान के एक इंजन में खराबी आने की जानकारी सामने आई, जिसके बाद पायलट ने तत्काल सतर्कता बरतते हुए एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क किया।
बताया जा रहा है कि विमान जब मेरठ के आसपास पहुंचा, तब पायलट को तकनीकी समस्या का आभास हुआ। स्थिति को देखते हुए पायलट ने दिल्ली एयर ट्रैफिक कंट्रोल को इसकी सूचना देते हुए आवश्यक कार्रवाई के लिए संपर्क किया।
इसके बाद दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई। सुरक्षा व्यवस्था के बीच विमान को प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित उतारा गया।
विमान में क्रू सदस्यों सहित कुल 54 लोग सवार बताए गए हैं। राहत की बात यह रही कि विमान की सुरक्षित लैंडिंग हो गई और सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
तकनीकी खराबी की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि उड़ान के दौरान इंजन में किस कारण से समस्या उत्पन्न हुई।



