Shiv Sena UBT: उद्धव ठाकरे और उनकी पार्टी की मुसीबतें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. हर रोज ही उनके सामने एक चुनौती आ रही है. पहले विधायक गए फिर सांसद गए और अब उनके ऑफिस की बारी है. ऐसा इसलिए क्योंकि छह सांसदों के शिवसेना शिंदे में विलय के बाद संसद भवन परिसर में मिले उसके ऑफिस के छिनने की संभावना बढ़ गई है.
फिलहाल पूरे घटनाक्रम को लोकसभा अध्यक्ष की मंजूरी मिलना बाकी है. अगर ऐसा होता है कि तो उद्धव के पास केवल 4 सांसद ही रह जाएंगे. सामान्यतः ऐसा होता है कि केवल पांच या उससे ज्यादा सांसदों वाले दलों को ही संसद भवन परिसर में ऑफिस मिलता है. अगर यह संख्या 5 से कम होती है तो ऑफिस नहीं दिया जाता है.
ओम बिड़ला की मंजूरी मिलने के बाद ऐसा माना जा रहा है कि शिवसेना उद्धव गुट का ऑफिस भी जा सकता है. मतलब यह कि संसद का दफ्तर खाली करना पड़ सकता है.
कहां हैं उद्धव का मौजूदा दफ्तर
शिवसेना यूबीटी को इस समय संविधान सदन (पुराने संसद भवन) के रूम नंबर 128 A में दफ्तर अलॉट किया गया है. खास बात यह है कि यह दफ्तर अविभाजित शिवसेना के ऑफिस 128 के बगल में ही है. अब देखना होगा कि लोकसभा अध्यक्ष इस पूरे मामले पर आने वाले दिनों में क्या फैसला लेते हैं.
6 सांसदों ने किया दल बदल
सोमवार को आधिकारिक तौर पर 9 में से 6 सांसद शिंदे की शिवसेना में शामिल हो गए. यह उद्धव के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है. हालांकि उद्धव में अपने सांसदों को रोकने की हर कोशिश की थी. लेकिन, वे उन्हें रोकने में कामयाब नहीं हो पाए. टूट के बाद शिंदे ने दावा किया कि उनकी लड़ाई बालासाहेब के विचारों को बचाने की है. इसके लिए वह आगे भी लड़ते रहेंगे.





