Noida Fire: नोएडा के सेक्टर-113 पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आने वाली अरण्य सोसाइटी, सेक्टर-119 के एक फ्लैट में आग लग गई. सूचना मिलते ही दमकल की 6 गाड़ियां मौके पर पहुंच गई हैं. आग बुझाने का काम जारी है. अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है.
जानकारी के मुताबिक, सोमवार की सुबह नोएडा सेक्टर 119 की अरण्य सोसाइटी के एक टावर में आग लग गई. लोगों ने धुआं उठते देख इधर-उधर भागना शुरू कर दिया. मौके पर अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया. एक साथ कई फ्लैट को आग ने अपनी चपेट में ले लिया. आग 22वीं मंजिल पर लगी थी, जिसे बुझाने के लिए दमकल विभाग की टीम को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी.
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा में आग लगने की घटना को संज्ञान में लिया. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए. मुख्यमंत्री ने राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने और घायलों को उचित इलाज मुहैया कराने का आदेश दिया. प्रशासन को सभी स्तरों पर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए. मुख्यमंत्री ने राहत कार्यों की लगातार निगरानी करने का भी निर्देश दिया. इसके साथ ही घायलों के उचित इलाज को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
सीएम योगी ने लिया संज्ञान
सूचना पाकर मौके पर चीफ फायर अधिकारी और सीएफओ भी पहुंचे. आग लगने की वजह एसी का फटना बताया जा रहा है. फिलहाल, दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पा लिया है. इस हादसे को सीएम योगी ने भी संज्ञान लिया है. फिलहाल, इस हादसे में घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है. गनीमत रही कि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है.





