Monsoon Health Tips: गर्मी का मौसम लगभग खत्म हो गया है और बारिश का दौर शुरू हो चुका है. बदलते मौसम का असर लोगों की सेहत पर पड़ता है. जब भी मौसम में बदलाव होता है, तो लोगों में सर्दी, जुकाम, बुखार और कमजोरी जैसी समस्याएं होने लगती हैं. ये बीमारियां छोटे बच्चों से लेकर बड़े-बुजुर्गों तक, हर किसी को अपनी चपेट में ले लेती हैं. कई बार तो युवा भी इनसे परेशान हो जाते हैं. सर्दी और जुकाम ऐसी बीमारियां हैं कि अगर एक बार किसी को हो जाएं, तो सोना और जागना दोनों मुश्किल हो जाता है.
मानसून का मौसम भले ही सुहावना होता है, लेकिन सेहत का ख्याल रखना बहुत जरूरी होता है. ऐसे में हम आपको उन आसान टिप्स के बारे में बताने वाले हैं, जिन्हें फॉलो करके आप अपने आप को काफी हद तक इन सामान्य बीमारियों से बचा सकते हैं.
हमेशा छाता या रेनकोट साथ रखें
बारिश के मौसम में घर से बाहर निकलते समय छाता या रेनकोट हमेशा अपने पास रखें. अचानक होने वाली बारिश से बचने का यह सबसे सही तरीका है. खास तौर पर अपने सिर को भीगने से बचाएं, क्योंकि सिर गीला होने से सर्दी-जुकाम होने का खतरा सबसे ज्यादा रहता है.
दूषित पानी से दूरी बनाएं
बरसात के दिनों में गंदे पानी से पूरी तरह दूर रहें, फिर चाहे वह रास्तों पर भरा पानी हो या पीने का पानी. दूषित पानी शरीर को अंदर और बाहर दोनों तरफ से बीमार कर सकता है. त्वचा के फंगल इंफेक्शन और पेट की बैक्टीरिया वाली बीमारियों से बचने के लिए साफ-सफाई और शुद्ध पानी पर सबसे ज्यादा ध्यान दें.
विटामिन-C वाली चीजें खाएं
मानसून के दौरान अपनी डाइट में विटामिन-सी से भरपूर चीजें जैसे नींबू, संतरा और आंवला जरूर शामिल करें. विटामिन-सी शरीर की इम्यूनिटी को मजबूत करता है, जिससे बदलते मौसम में सर्दी-खांसी और वायरल बुखार जैसी समस्याएं नहीं होती हैं.
गर्म चीजों का सेवन करें
बरसात में तापमान कम होने पर शरीर को गर्माहट की जरूरत होती है. इस मौसम में ठंडी चीजों के बजाय गर्म सूप, हर्बल टी, अदरक वाली चाय या गर्म दूध जैसी चीजों का सेवन करें. ये चीजें न सिर्फ आपके शरीर का तापमान सही रखेंगी, बल्कि गले को भी आराम देंगी.
शरीर और कपड़ों को सूखा रखें
बारिश में भीगने के बाद ज्यादा देर तक गीले कपड़ों में न रहें. गीले बदन या कपड़ों के साथ AC और पंखे के सामने बैठने से आप तुरंत बीमार पड़ सकते हैं. इंफेक्शन और ठंड से बचने के लिए तुरंत कपड़े बदलें. बेहतर होगा कि सफर के दौरान अपने साथ हमेशा एक्स्ट्रा कपड़ों का एक सेट रखें.





