CG News: मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के गुंडरदेही गांव में शुक्रवार सुबह करीब 10:50 बजे तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी 12 वर्षीय छात्रा पूनम हल्बा को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया और स्टेट हाईवे पर कई जगह तेज रफ्तार में वाहन दौड़ाते हुए लोगों की जान जोखिम में डालता रहा. पुलिस ने करीब 55 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस ने ऐसे किया पीछा
पुलिस के अनुसार चालक करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रक चला रहा था. अंबागढ़ चौकी पुलिस ने सबसे पहले उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं रुका. इसके बाद मोहला और मानपुर में बैरिकेडिंग की गई, जिन्हें उसने तोड़ दिया. इस दौरान उसने पुलिस जवानों को भी कुचलने की कोशिश की. कई पुलिस वाहन लगातार उसका पीछा करते रहे.
कोरकोट्टी में हुई गिरफ्तारी
लंबी पीछा कार्रवाई के दौरान कोरकोट्टी के पास ट्रक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इसके बाद पुलिस ने चालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया. आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी देवी सिंह के रूप में हुई है. पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी के समय वह नशे की हालत में था. ट्रक की तलाशी लेने पर कोई संदिग्ध सामान बरामद नहीं हुआ. आरोपी के खिलाफ अंबागढ़ चौकी थाने में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है.
ग्रामीणों में आक्रोश
हादसे से नाराज ग्रामीणों ने छात्रा का शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया और स्टेट हाईवे पर लगातार हो रहे हादसों पर नाराजगी जताई. प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की समझाइश के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और देर शाम अंतिम संस्कार कर दिया गया. पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी को जोखिम उठाकर गिरफ्तार किया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है.






