जगदलपुर। शहर से लगे आसना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर रविवार को भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने बाइक (सीजी 17 एलई 0352) को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दूर जा गिरा और उसकी जान चली गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद पीछे से आ रही एक कार भी अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। इस घटना में कार सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के चलते कुछ समय तक हाईवे पर यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में बहाल कर दिया गया।


