तेहरान/वॉशिंगटन। पश्चिम एशिया में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। इजरायल और अमेरिका द्वारा ईरान के इस्फहान स्थित परमाणु केंद्र पर हमले तेज किए जाने के बीच ईरान ने बड़ा दावा किया है। ईरान का कहना है कि अमेरिकी पायलट के रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान उसने 2 सी-130 एयरक्राफ्ट और 2 ब्लैक सी-हॉक हेलीकॉप्टर मार गिराए हैं।
ईरान की ओर से यह भी दावा किया गया है कि इस्फहान क्षेत्र में गिरे सैन्य विमानों के मलबे के वीडियो सामने आए हैं, हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीते 36 घंटों में ईरान ने अमेरिका को भारी नुकसान पहुंचाने का दावा किया है। इसमें 2 एफ-15 फाइटर जेट, एक ए-10 एयरक्राफ्ट, कई हेलीकॉप्टर और ड्रोन को निशाना बनाने की बात कही गई है। साथ ही एमक्यू-9 ड्रोन को भी मार गिराने का दावा किया गया है।
हालांकि, इन सभी दावों को लेकर अमेरिका या अन्य स्वतंत्र स्रोतों की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। क्षेत्र में बढ़ते तनाव को देखते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ गई है।


