जशपुर। जिले के बगीचा थाना क्षेत्र से एक दुखद मामला सामने आया है, जहां लापता दो मासूम बच्चों के शव गांव के तालाब में मिले हैं। घटना बिसबहरी गांव की है, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, महादेव डाँड़ क्षेत्र के रहने वाले गोल्डी टोप्पो (7) और अनीस टोप्पो (8) बीते दिन से लापता थे। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने गांव में तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान दोनों बच्चों के शव तालाब में तैरते हुए मिले।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है।
घटना के बाद गांव में शोक और दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और हर पहलू को ध्यान में रखा जा रहा है, ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।


