मनेन्द्रगढ़, छत्तीसगढ़ के जनकपुर नगर पंचायत क्षेत्र में वन विभाग ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जों पर बुलडोजर चलाया। यह कार्रवाई वनमंडल मनेन्द्रगढ़ के अंतर्गत उपवनमंडल जनकपुर के कुंवारपुर वन परिक्षेत्र के कक्ष क्रमांक 1267 में की गई।
जानकारी के अनुसार, मनेन्द्रगढ़ तिराहा स्थित वन भूमि पर लंबे समय से अवैध निर्माण किया जा रहा था। विभाग द्वारा पहले ही भारतीय वन अधिनियम के तहत नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे और संबंधित लोगों को समझाइश भी दी गई थी।
निर्देशों की अनदेखी पर शनिवार को कार्रवाई करते हुए एक निर्माणाधीन मकान को जमींदोज किया गया, जबकि दो अन्य अतिक्रमणों को भी हटाया गया। अधिकारियों के मुताबिक यह क्षेत्र “अंधा मोड़” के पास स्थित है, जहां पहले कई सड़क हादसे हो चुके हैं, इसलिए सुरक्षा की दृष्टि से भी यह कार्रवाई जरूरी थी।
उपवन संरक्षक प्रभारी विकास निकुंज ने बताया कि संबंधित लोगों को 80A के तहत नोटिस और बेदखली आदेश पहले ही दिए जा चुके थे। बावजूद इसके दोबारा कब्जा कर लिया गया था, जिस पर यह कार्रवाई की गई।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा।


