नई दिल्ली/मुंबई। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने 1 अप्रैल से EPFO 3.0 लागू कर PF निकासी प्रक्रिया को आसान बना दिया है। अब खाताधारक UPI के जरिए मिनटों में अपना PF पैसा सीधे बैंक खाते में ट्रांसफर कर सकते हैं। पहले जहां क्लेम फाइलिंग और अप्रूवल में लंबा समय लगता था, वहीं अब प्रक्रिया तेज और लगभग ऑटोमेटेड हो गई है।
नई व्यवस्था के तहत यूजर UMANG ऐप या EPFO पोर्टल पर “UPI Withdrawal” विकल्प चुनकर राशि दर्ज करेंगे और UPI PIN से पुष्टि करते ही पैसा ट्रांसफर हो जाएगा। इसके बाद UPI समर्थित ATM से QR कोड स्कैन कर कैश भी निकाला जा सकता है।
इस सुविधा का लाभ लेने के लिए UAN सक्रिय होना, PF अकाउंट का आधार से लिंक होना, मोबाइल नंबर अपडेट होना और बैंक KYC पूरी तरह वेरिफाइड होना जरूरी है।
EPFO 3.0 के इस बदलाव से खासतौर पर उन लोगों को राहत मिलेगी जिन्हें आपात स्थिति में तुरंत पैसे की जरूरत होती है।


