बलरामपुर। जिले के कुसमी थाना क्षेत्र के हँसपुर गांव में ग्रामीण की हत्या के मामले में नया मोड़ आ गया है। इस मामले में पहले से जेल में बंद आरोपी एसडीएम करुण डहरिया को न्यायिक रिमांड समाप्त होने के बाद 43वें दिन पुलिस ने रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 15 फरवरी 2026 को आरोपी एसडीएम ने अपने साथियों के साथ अवैध माइनिंग के शक में गांव के तीन ग्रामीणों के साथ मारपीट की थी। इस दौरान एक ग्रामीण की मौत हो गई थी, जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया और पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।
करीब 42 दिनों तक न्यायिक रिमांड में रहने के बाद अब पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। सूत्रों के मुताबिक यह पूछताछ बेहद गोपनीय तरीके से की जा रही है और जांच एजेंसियां मामले से जुड़े अन्य पहलुओं को भी खंगाल रही हैं।
बताया जा रहा है कि इस रिमांड के दौरान कई अहम खुलासे हो सकते हैं, जिससे घटना के पीछे की पूरी साजिश और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका सामने आ सकती है। फिलहाल इस हाई-प्रोफाइल मामले की जांच पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।


