धमतरी। जिले के नवागांव क्षेत्र में खारुन नदी किनारे एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान करण कुर्रे (पिता प्रेमलाल कुर्रे) के रूप में हुई है।
सोमवार सुबह ग्रामीणों ने नदी किनारे युवक का शव औंधे मुंह पड़ा देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। बीरेझर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। मौके पर मिले संकेतों के आधार पर जहर सेवन की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक युवक का एक युवती से परिचय था और हाल के दिनों में वह मानसिक रूप से परेशान बताया जा रहा था। हालांकि पुलिस ने इन दावों की पुष्टि नहीं की है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और जांच में सहयोग करें।


